Rewa News : गहने साफ करने के बहाने दो युवकों 6 लाख के आभूषण लेकर चम्पत हो गये हैं। दोनों युवकों ने महिला को गर्म पानी लाने भेजकर घटना को अंजाम दिया है।
Rewa News : शहर से दिन-दहाड़े ठगी का एक अनोखा मामला प्रकाश में आया है। जहां एक महिला को दो अज्ञात युवकों ने अपना शिकार बनाया है। दोनों युवक बाइक में सवार होकर महिला के घर पहुंचे थे। जिन्होंने महिला से पहले बर्तन साफ करने की बात कही। जब महिला ने उन्हें बर्तन साफ करने के लिए दिये तो उन्होंने आभूषण भी साफ करने की बात कही। महिला ने दोनों युवकों पर भरोसा जताते हुए अपने तमाम सोने-चॉदी के आभूषण दोनों युवकों को लाकर दे दिया। इस बीच युवकों ने महिला को गर्म पानी लाने के लिए कहा। जब महिला घर के अंदर गर्म पानी लेने गई तो इधर युवक पूरा माल समेट कर नौ दो ग्यारह हो गये।
1 बजे की है घटना
यह पूरी घटना मंगलवार की देर दोपहर लगभग 1 बजे की हैं। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चिकान टोला की हैं। पीड़िता रज्जों अंसारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर तकरीबन 1 बजे के बीच दो युवक बाइक में सवार होकर आये। जिसमें एक युवक लगड़ा था। दोनों ने खुद को बर्तन व गहने की सफाई करने वाला बताया। महिला ने युवकों को पहले कुछ बर्तन दिये। जिसकी दोनों ने सफाई की। इसके बाद महिला ने उन्हें पायल दिया। जिसे भी युवकों ने साफ किया। फिर महिला ने अंगूठी, चेन सहित अन्य जेवरात साफ करने के लिए दिये। महिला बताती है कि जब उन्होंने सोने के आभूषण युवकों को दिये तो उन्होंने पानी गर्म करके लाने की बात कही गई। तो वह पानी गर्म करने घर के अंदर चली गई। जब पानी गर्म करके वह वापस बाहर आई तो देखा कि दोनों युवक वहां से जेवरात लेकर गायब हो गये।
6 लाख कीमत के ले गये गहने
पीड़ित महिला ने बताया कि दोनों आरोपित युवक उसके तरकीबन 6 लाख के गहने ले गये हैं। जिसमें सोने की कई नग अंगूठी, चेन व हार शामिल है। पीड़िता ने दिन-दहाड़े हुई इस अनोखी ठगी की शिकायत सिटी कोतवाली पुलिस में दर्ज करवाई है। पुलिस ने महिला की शिकायत दर्ज करके सीसीटीव्ही फुटेज खंगाल रही है और दोनों युवकों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
ठगराजों से सतर्क रहने की अपील
बताते चले कि इस तरह की ठगी का शहर में कोई पहला मामला नहीं हैं। इससे पहले भी कई बार ठगराज इसी तरह की घटना को अंजाम दे चुके हैं। ऐसे में लोगों से अपील की जाती है कि वह किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना कीमती सामान सौंपते समय सर्तक रहे। उनकी बराबर निगरानी करें। किसी को भी व्यक्ति को कीमती सामान न दें। अन्यथा इसी तरह की ठगी का शिकार हो सकते हैं।
Tags
Share this story